निशिकान्त मिस्त्री
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री फैज अहमद मुमताज एवं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी द्वारा व्यवहार न्यायालय, जामताड़ा के सामने खोले गए मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र का किया निरीक्षण
ग्रामीणों के संग उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने खाया खाना
मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र में साफ सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता में कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी
जामताड़ा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री फैज अहमद मुमताज एवं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी द्वारा व्यवहार न्यायालय, जामताड़ा के सामने खोले गए मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र का निरीक्षण किया।
इस मौके पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र में ग्रामीणों के साथ बैठकर खाना खाया।
वहीं उन्होंने कहा कि किसी को भी भूखा सोना ना पड़े, इसके लिए वर्तमान में पूरे जिले में मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र योजनांतर्गत 09 स्थाई दाल भात केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों में सभी के लिए मात्र 05 रुपए में भरपेट भोजन की व्यवस्था है।
उन्होंने संचालक से कहा कि भोजन कराते समय शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें। भोजन से पहले और भोजन के बाद अच्छी तरह से हाथ धुलाएं। उन्होंने उपस्थित लोगों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। संचालक को सख्त निर्देश दिया कि भोजन बनाने में साफ सफाई एवं गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखें, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
वहीं उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर भोजन हेतु समुचित बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, हाथ धोने आदि की समुचित व्यवस्था का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
साथ ही उपायुक्त ने कहा कि जिले के जरूरतमंद लोगों के लिए बहुत सुविधाजनक योजना है उन्हें मामूली खर्च पर खाना मिल जा रहा है। यह वाकई अच्छी व्यवस्था है इसका समुचित लाभ उठाएं।