जोरापोखर। बीसीसीएल लोदना क्षेत्र के डीजी प्लांट सबस्टेशन में गुरुवार देर रात डेढ़ दर्जन अपराधियों ने धावा बोलकर एक सुरक्षा कर्मी को घायल कर दिया और लगभग 20 हजार रुपये के केबल एवं लौह सामग्री की चोरी कर फरार हो गए। घायल सुरक्षा कर्मी की पहचान जलेश्वर रवानी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रशासन) अमित कुमार गुप्ता, आंतरिक सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी गौरव पुष्कर और निरीक्षक रामजी पांडेय ने शुक्रवार को प्लांट का निरीक्षण किया। गोदाम बाबू द्वारा चोरी गए सामानों की सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अधिकारियों ने चोरी के सामान के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया। बताया जाता है कि गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे डेढ़ दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने सबसे पहले प्लांट के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मी नरेश भुइयाँ को हथियार दिखाकर कब्जे में ले लिया और प्लांट में प्रवेश कर गए। अपराधियों ने प्लांट के मुख्य दरवाजे और गोदाम का ताला काटकर अंदर से लौह सामग्री की चोरी शुरू कर दी। इसी दौरान एसआईएस के सुरक्षा कर्मी जलेश्वर रवानी ने चोरों की गतिविधि देखकर अपने अधिकारियों को मोबाइल से सूचना देनी चाही। इससे आक्रोशित अपराधियों ने धारदार हथियार से उनके माथे पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और लगभग 70 फीट केबल समेत लौह सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आंतरिक सुरक्षा विभाग के निरीक्षक रामजी पांडेय मौके पर पहुंचे और घायल सुरक्षा कर्मी को जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्रशासनिक अधिकारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि घटना के कारणों और चोरी गए सामानों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल गोदाम में पड़े अनुपयोगी सामानों को अन्यत्र शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है। इधर, प्लांट में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कर्मी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। राकोमस नेता राधेश्याम यादव ने क्षेत्रीय जीएम से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
