निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । झारखंड की जामतारा पुलिस ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़राटाँड़ में छापेमारी कर एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसंत कुमार मंडल (उम्र 23 वर्ष), पिता नरेश मंडल, निवासी कोड़राटाँड़, कर्माटांड़, जामताड़ा के रूप में हुई है। गैस अपडेट के नाम पर भेजते थे फर्जी APK फ़ाइल पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस अपराधी का अपराध करने का तरीका (Modus Operandi) बेहद शातिर था। यह मुख्य रूप से महाराष्ट्र के उपभोक्ताओं को निशाना बनाता था। आरोपियों द्वारा ग्राहकों को ‘महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड’ की सेवा अपडेट कराने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद वे उपभोक्ताओं के मोबाइल पर एक फर्जी APK FILE भेजकर उसे इंस्टॉल करवा लेते थे। जैसे ही पीड़ित उस ऐप को इंस्टॉल करता, अपराधी उसके फोन का पूरा एक्सेस और सारी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। इनका कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।
छापेमारी में बरामद सामान साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले तीन मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद हुआ है।
यह पूरी कार्रवाई जामतारा साइबर अपराध थाना के पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में की गई। इस छापेमारी दल में पु०नि० कृष्णा कुमार, पु०अ०नि० हीरालाल महतो और रिजर्व गार्ड के आरक्षी/हवलदार शामिल थे। पुलिस ने इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/26, दिनांक 08.09.2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (B.N.S) 2023 की धारा 318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (I.T. Act) की धारा 66(B)(C)(D) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42 (3)(e) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *