झरिया। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सांड के हमले में हीरापुर निवासी अमिय मोदक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हमले में उनके सिर, हाथ और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अमिय मोदक की पत्नी बंदना ने बताया कि शुक्रवार को उनके पति झरिया गए थे। झरिया सब्जी पट्टी में एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। किसी तरह वह सांड से बचकर वहां से निकल गए और धनबाद के हीरापुर स्थित अपने घर लौटे। घर पहुंचने के बाद वहां भी एक दूसरे आवारा सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि झरिया सब्जी पट्टी, झरिया बाजार सहित धनबाद के कई इलाकों में आवारा सांड सड़कों पर घूमते रहते हैं। इनके कारण राहगीरों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों के अनुसार इससे पहले भी सांडों के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं व कई लोगों की मौत हो चुकी है । स्थानीय लोगों ने धनबाद नगर निगम से आवारा सांडों और अन्य पशुओं को पकड़ कर सुरक्षित स्थान अथवा गोशाला भेजने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *