निशिकांत मिस्त्री
गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा जामताड़ा, भव्य पंडाल बने आकर्षण का केंद्र
जामताड़ा । गणेश चतुर्थी के अवसर पर जामताड़ा जिले में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। जामताड़ा के गांधी मैदान और मिहिजाम के बेसिक स्कूल प्रांगण में गणेश पूजा को लेकर भव्य आयोजन किया गया है। दोनों स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए गए हैं, जिन्हें रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जामताड़ा के गांधी मैदान में इस वर्ष गणेश चतुर्थी पूजा का 23वां वर्ष, जबकि मिहिजाम में 46वां वर्ष है। दोनों पूजा समितियों की ओर से गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। मंत्रोच्चार और आरती के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की। पूजा को लेकर महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडाल पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूरे इलाके में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। दोनों पूजा स्थलों पर दस दिनों तक पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले को लेकर पूजा समितियों द्वारा विशेष तैयारी की गई है। पंडालों के आसपास आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठता है।
मिहिजाम में पिछले 46 वर्षों से गणेश चतुर्थी का आयोजन होता आ रहा है। इस पूजा की अपनी एक अलग पहचान है और प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुख्ता इंतजाम पुलिस प्रशासन की ओर से किया गया है। दस दिनों तक पूजा के साथ मेले का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूजा समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।
गणेश उत्सव को लेकर जामताड़ा और मिहिजाम में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। पूजा पंडालों में लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। वहीं, मेले में बच्चों और युवाओं के बीच भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
