निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा ने आवासीय कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी 11 फरवरी को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे का साहिबगंज में कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि जामताड़ा जिले से हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने के लिए साहिबगंज रवाना होंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी द्वारा प्रस्तावित हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा किया जाएगा।
बताया कि शुभारंभ होने के उपरांत पार्टी का यह कार्यक्रम सभी जिलों में प्रखंड, पंचायत, गांव, शहर एवं मोहल्ले स्तर तक चलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और देशभर में जन जन तक पार्टी के नए कार्यकलापों को पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रखंड पंचायत और ग्रामीण स्तर तक लोगों को इस कार्यक्रम की जानकारी पार्टी के सभी सक्रिय सदस्य पूरे जोर-शोर से देने का काम करेंगे, इसके लिए जिला व प्रखंड स्तर पर बैठक का आयोजन कर रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भी पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठक की जाएगी और ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे इसके लिए योजना बनाई जाएगी। इस प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसी विजय दुबे, अजीत दुबे, नंदकिशोर सिंह, फुरकान अंसारी, विमल भैया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
