टुंडी के पूर्व विधायक और एकीकृत बिहार में मंत्री रहे झारखंड के दिग्गज नेता डॉ सबा अहमद का शनिवार की सुबह निधन हो गया। उन्होंने आज सुबह 5 बजे दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुःख प्रकट करते हुए उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की है।
डॉ सबा अहमद के परिजनों के अनुसार रविवार को उनका पार्थिव शरीर गिरिडीह के पचंबा स्थित उनके निवास स्थान लाया जाएगा। जहाँ उनके शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
वहीं उनके निधन पर दुःख प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- ‘टुंडी के पूर्व विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे आदरणीय डॉ सबा अहमद साहब जी के निधन की दुःखद खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। राजकीय सम्मान के साथ डॉ सबा अहमद साहब को अंतिम विदाई दी जायेगी।’
