जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा पंजाबी धौड़ा पानी टंकी के पास पुराने केस को उठाने से मना करने पर एक ही परिवार के चार लोगों पर तलवार और काता से जानलेवा हमला करने का आरोप है । हमले में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।घायल महिला रेखा देवी के अनुसार, घटना 19-20 अक्टूबर की आधी रात करीब 12 बजे की है। आरोप है कि पड़ोसी प्रमोद यादव नशे में धुत होकर उनके घर पहुंचा और जोरापोखर थाना में दर्ज कांड संख्या 120/26 को वापस लेने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर वह चला गया, लेकिन कुछ देर बाद बेटे निखिल यादव और भाई अरुण यादव के साथ हथियार लेकर लौटा। आरोप है कि निखिल यादव ने रेखा देवी के सिर पर तलवार से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। चीख सुनकर बचाने आए देवर कुणाल यादव पर प्रमोद यादव ने तलवार चला दी, जिससे उसकी बायीं बांह कोहनी के ऊपर से कटकर लटक गई। बीच-बचाव करने आए दूसरे देवर शंकर यादव पर अरुण यादव ने काता से हमला कर बायां हाथ जख्मी कर दिया। वहीं भांजे आदित्य आनंद का तलवार के वार से बायें हाथ का तलवा कट गया। सभी घायलों को पहले टाटा अस्पताल ले जाया गया, जहां रेखा देवी को टांके लगाए गए। अधिक खून बहने के कारण कुणाल, शंकर और आदित्य को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर जोरापोखर थाना कांड संख्या 125/26 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *