निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक।शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। पकड़ा गया अपराधी लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड एक्टिवेट कराने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाता था।
बांस झाड़ी में बैठकर चल रहा था ठगी का खेल
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते में, ग्राम भेलवाटाँड़ स्थित पोखर (तालाब) के पास ट्रांसफार्मर पोल के बगल में स्थित एक बांस की झाड़ी में घेराबंदी कर इस अपराधी को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महताब अंसारी (उम्र 27 वर्ष) पिता मरहूम मुख्तार अंसारी जो ग्राम बरमुण्डी, थाना करमाटाँड़, जिला जामताड़ा का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले चार मोबाइल और पांच सिमकार्ड बरामद किये हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाता था, वह लोगों को फोन करके कहता था कि उनका SBI CREDIT CARD बंद होने वाला है या बंद हो गया है। नया कार्ड चालू करने के बहाने वह पीड़ितों के मोबाइल में एक APK File (दुर्भावनापूर्ण ऐप) डाउनलोड करवा देता था।ऐप डाउनलोड होते ही वह पीड़ित के क्रेडिट कार्ड की सभी गोपनीय जानकारी (जैसे पासवर्ड, सीवीवी, ओटीपी) प्राप्त कर लेता था और उनके खाते से पैसे उड़ा लेता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26
दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ नए कानून B.N.S 2023 की धारा 318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2), I.T. Act की धारा 66(B)(C)(D) और TELECOMMUNICATIONS ACT 2023 की धारा 42 (3)(e) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में पु०नि०-सह-थाना प्रभारी, राजेश मंडल (साइबर अपराध थाना, जामताड़ा), पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता (साइबर अपराध थाना, जामताड़ा), पु०अ०नि० हीरालाल महतो सहित साइबर अपराध थाना एवं रिजर्व गार्ड के आरक्षी/हवलदार। शामिल थे।
