निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र, जामताड़ा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अपने कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) नीलम कुजूर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) अमित कुमार रविदास, और परिचारी प्रवर (पुलिस केंद्र) अजीत कुमार चौबे समेत जिले के कई अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने शहीद जवानों की स्मृति में 02 मिनट का मौन रखा। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें ‘श्रद्धा-सुमन’ अर्पित किए गए। शहीदों के सम्मान में पुलिस केंद्र में एक अनुशासित परेड का भी आयोजन किया गया। परेड के माध्यम से वीर शहीदों को सलामी दी गई और देश व समाज के प्रति उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। शहीदों की कुर्बानी कभी भुलाई नहीं जा सकती: एसपी इस अवसर पर जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। एसपी ने आगे कहा कि शहीदों का यह सर्वोच्च बलिदान हमें हमेशा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की याद दिलाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *