निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच मिहिजाम थाना भवन का बाहरी छज्जा अचानक गिर गया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि जिस समय छज्जा गिरा, उस वक्त उसके नीचे या आसपास कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण थाना भवन के बाहरी हिस्से में नमी बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक छज्जे का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जा गिरने से आसपास मलबा फैल गया। घटना के बाद थाना परिसर में कार्यरत पुलिसकर्मियों के बीच भय का माहौल है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि थाना भवन के पुराने और जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लगातार बारिश के दौरान भवन के अन्य हिस्सों को लेकर भी पुलिसकर्मी चिंतित हैं। घटना के बाद थाना भवन की स्थिति और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिसकर्मियों ने संबंधित विभाग से भवन का निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *