निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । इंदिरा चौक में मंगलवार को झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस की ओर से संयुक्त रूप से किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह सहित दोनों दलों के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने दिशोम गुरु के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिबू सोरेन के संघर्ष, झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद किया। पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने कहा कि किसी भी कृतज्ञ समाज की पहचान होती है कि वह समाज, राज्य और देश के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों को सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे, जिनकी जयंती और पुण्यतिथि मनाकर नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिलती है।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन में शिबू सोरेन की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। मंत्री ने कहा कि गुरुजी का सपना एक स्वस्थ और समृद्ध झारखंड बनाना था और उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का समापन दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने और उनके सपनों का झारखंड बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर जे एम एम जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, उपाध्यक्ष रविन्द्र नाथ दुबे, कैलाश प्रसाद साव, अशोक मंडल, परेश यादव, बंटू आइजक, कांग्रेस पार्टी के बिनोद क्षत्रिय, दीपिका , निशापति हांसदा, प्रकाश दुबे व अन्य मौजूद थे।
