निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने के मामले की अब वैज्ञानिक जांच शुरू हो गई है। सोमवार को रांची स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के डिप्टी डायरेक्टर बी.के. ठाकुर अपनी टीम के साथ जामताड़ा पहुंचे और मुठभेड़ स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान टीम ने आवश्यक फॉरेंसिक सैंपल और गन शॉट रेजिड्यू (जीएसआर) के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें परीक्षण के लिए रांची प्रयोगशाला ले जाया जाएगा। इन नमूनों की जांच से मुठभेड़ के घटनाक्रम और गोलीबारी से जुड़े तकनीकी तथ्यों की पुष्टि करने में मदद मिलेगी।
बताया जा रहा है कि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए साक्ष्यों का दस्तावेजीकरण भी किया। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा।
गौरतलब है कि रविवार देर रात साहिबगंज से धनबाद जेल शिफ्ट किए जा रहे कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के पास पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के अनुसार, उसने एक जवान का हथियार छीनकर भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
फिलहाल पूरे मामले की जांच विभिन्न स्तरों पर जारी है और फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट को इस मामले में अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *