निशिकांत मिस्त्री

पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, जेल शिफ्टिंग के दौरान भागने की कोशिश पड़ी भारी

जामताड़ा । झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के पास पुलिस वाहन का टायर पंक्चर हो गया। पुलिस का दावा है कि वाहन रुकने का फायदा उठाकर सुजीत सिन्हा ने एक पुलिस जवान का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाब में आत्मरक्षा के तहत पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गैंगस्टर को सुरक्षित धनबाद जेल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने हथियार छीनकर भागने और पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई।
सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर माना जाता था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *