निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : रेलवे स्टेशन जामताड़ा स्थित ईसीएल (ECL) रेलवे साइडिंग में शनिवार सुबह कोयला चोरी रोकने के दौरान कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। बड़ी संख्या में आए उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान पर हमला कर उसे बंधक बना लिया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस और थाना प्रभारी के साथ भी ग्रामीणों द्वारा बदसलूकी की गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पीड़ित जवान के अनुसार शनिवार सुबह भारी संख्या में स्थानीय लोग ईसीएल रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे। वहां मुस्तैद होमगार्ड जवानों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उपद्रवी उग्र हो गए। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान मिलन दास को कब्जे में ले लिया और उन्हें बंधक बनाकर पास के एक गांव ले गए। वहां जवान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के उग्र तेवर के कारण हालात बेकाबू बने रहे।
तनाव बढ़ता देख जामताड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज महतो अतिरिक्त पुलिस बल के साथ खुद गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाया और थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार व बदसलूकी की। आखिरकार, पुलिस ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद बंधक होमगार्ड जवान मिलन दास को उपद्रवियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया और थाने लेकर आई।
दूसरी तरफ, ग्रामीणों ने होमगार्ड जवानों पर ही माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात जवानों ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट की, जिसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मामला बढ़ा।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा
घटना के बाद होमगार्ड एसोसिएशन और पीड़ित जवान की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जा रही है। जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज महतो ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के दावों को गंभीरता से लिया है। लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर सरकारी काम में बाधा डालने, जवान को बंधक बनाने और हिंसा करने वाले दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *