धनबाद । सोमवार को तोपचांची पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-19 पर गोवंश लदे एक कंटेनर को पकड़ा । कंटेनर में क्रूरता पूर्वक 51 गोवंश लदा था । इनमें 45 गौवंश जीवित मिले, जबकि 6 मृत थे । पुलिस ने कंटेनर के खलासी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है । वहीं वाहन का ड्राइवर फरार हो गया । सभी जीवित गोवंशों को कतरास स्थित श्री गंगा गौशाला भेज दिया गया है । पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा-नई दिल्ली एनएच-19 पर तोपचांची के पास सोमवार एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली । कंटेनर में गोवंशों को क्रूरता पूर्वक ऊपर-नीचे ठूंसकर लादा गया था । पुलिस को देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया । जबकि खलासी व उसका सहयोगी पकड़ा गया । पूछताछ में पता चला कि कंटेनर में मवेशियों को बिहार के नवादा से लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था । तोपचांची थाना के एसआई सपन कुमार महतो ने बताया कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है ।
