निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा : दिल्ली में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने गुरुवार को जामताड़ा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जमकर नारेबाजी की और इंद्रा चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। जेएमएम जिला कार्यालय से निकली विरोध रैली का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए इंद्रा चौक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में जेएमएम जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई और कई छात्र घायल हुए। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
नरेंद्र मुर्मू ने कहा, “प्रधानमंत्री ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात करते हैं, लेकिन आज बेटियों और छात्रों पर अत्याचार हो रहा है। छात्रों के आंदोलन पर लाठीचार्ज और गोली चलाने जैसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका कड़ा विरोध करता है।” जेएमएम नेताओं ने मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की भी मांग उठाई। इस मौके पर उपाध्यक्ष कैलाश प्रसाद साव, नगर अध्यक्ष विजय रवानी, बंटू आइजक, ताहा अंसारी, राजीव शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *