निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । मिहिजाम थाना पुलिस ने 18 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी लाल वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के अंडाल थाना क्षेत्र के शीतलपुर में छापेमारी कर आरोपी जड्डू कोल उर्फ महादेव कोल (32 वर्ष), पिता मोती कोल, निवासी बोदमा टोला अर्जुनडीह, थाना मिहिजाम को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2006 में मिहिजाम थाना में पीसीआर संख्या 201/2006 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 379 (चोरी) के तहत आरोप हैं। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह लंबे समय से पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहा था । गुप्त सूचना मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *