निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 09 जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को बुधवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अनंत कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन सुपरवाइजर और सात बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले सुपरवाइजरों में नारायणपुर प्रखंड के पोम्पा माझी और शिशु धीबर तथा करमाटांड़ प्रखंड के बिरेन चंद्र मुर्मू शामिल हैं। वहीं सम्मानित बीएलओ में जामताड़ा प्रखंड की सपना माझी, नारायणपुर प्रखंड की अंजना देवी, गीता भंडारी, कुलसुम खातून एवं शमीमा खातून, तथा करमाटांड़ प्रखंड की ममता देवी और जमीला परवीन शामिल हैं। इस अवसर पर एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का एसआईआर अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल किया है, जो अन्य निर्वाचन कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना सभी कर्मियों का कर्तव्य है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य दूसरों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। समारोह के अंत में एसडीओ ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ निर्वाचन कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में निर्वाचन शाखा के अधिकारी मनोज कुमार मुरमू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
