निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब अजय नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। देवघर और जामताड़ा के आसपास के क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण अजय नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कुछ दिन पहले तक लगभग सूखी नजर आने वाली नदी अब तेज बहाव के साथ लबालब बह रही है। सेंट्रल वॉटर कमिशन के अधिकारियों के अनुसार यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो अजय नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और नदी पार करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी को पार करने की कोशिश न करें और नदी किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं। प्रशासन ने कहा है कि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है, जिससे हादसे हो सकते हैं। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महज चार दिन पहले अजय नदी लगभग सूखी हुई थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण नदी में तेजी से पानी बढ़ा है और बहाव भी काफी तेज हो गया है। इससे आसपास के लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
