निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर अस्पताल में रेफर की गई गर्भवती महिला की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने इंदिरा चौक पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सत्यानंद झा, भाजपा नेत्री बबिता झा, सुरेश राय समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और विरोध जारी रखा।
गौरतलब है कि गुरुवार को सदर अस्पताल से रेफर की गई एक गर्भवती महिला की मौत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ की घटना भी हुई थी। मामले में अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहित आठ लोगों के खिलाफ जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई है।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ने आरोप लगाया कि गर्भवती महिला का करीब पांच घंटे तक समुचित इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने कहा कि इसके लिए अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी जिम्मेदार हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर मामले की लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री स्वयं घटना को दबाने का प्रयास कर रहे हैं और मृतका के घर जाकर केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में स्वास्थ्य मंत्री या स्वास्थ्य विभाग की ओर से भाजपा के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
