निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पाबिया से काशीटांड़ जाने वाली मुख्य सड़क स्थित पुल के समीप नदी तट पर शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोग नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। मृतक की पहचान अशोक रवानी (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नदी किनारे फेंका गया है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी भी संभावना को नजर अंदाज नहीं किया जा रहा है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। इधर, घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *