निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के उद्देश्य से बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात (15/16 जुलाई) विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिम रजा एवं साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित रविदास ने किया। अभियान के तहत जामताड़ा, मिहिजाम सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने होटल, लॉज, धर्मशाला और अतिथि गृहों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान उनके पहचान पत्रों की जांच की गई तथा संबंधित अभिलेखों का मिलान भी किया गया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई।
पुलिस ने होटल, लॉज एवं अतिथि गृह संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जामताड़ा पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चला रही है। पिछले दो महीनों में करीब 750 वारंटों का निष्पादन किया गया है, जबकि विभिन्न मामलों में वांछित करीब 100 अभियुक्तों और अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इस विशेष अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी तथा जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *