निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । टावर चौक से न्यू टाउन की ओर जाने वाली सड़क पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पंचायत की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर नगर पंचायत प्रशासन पुलिस बल के साथ एक चाय दुकान को हटाने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। घटना के दौरान कांग्रेस नेता इरशादुल हक आरसी एवं विनोद छेत्री ने राज्य के  स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद मंत्री के हस्तक्षेप की चर्चा के बीच प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई रोक दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस चाय दुकान को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, उसका मामला वर्तमान में अनुमंडल न्यायालय में विचाराधीन है।उनका आरोप था कि एक व्यवसायी के इशारे पर नगर पंचायत प्रशासन यह कार्रवाई कर रहा है। जनता दरबार की शिकायत पर हो रही थी कार्रवाई : सोमा खण्डैत*
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत ने बताया कि उपायुक्त आलोक कुमार के जनता दरबार में सड़क अतिक्रमण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। उसी शिकायत के आलोक में नगर पंचायत की टीम नियमानुसार कार्रवाई करने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सार्वजनिक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना है।
अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि प्रशासन न्यायालय एवं कानून के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा। यदि मामला न्यायालय में विचाराधीन है तो उसके अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं, बल्कि विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *