निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा : जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रहे 8 वर्षीय छात्र की कोयला लदे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया और डंपर चालक व मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, व्यस्त सड़क किनारे बच्चे को अकेला उतारकर चले जाने वाले ऑटो चालक की लापरवाही भी सवालों के घेरे में है।
जानकारी के अनुसार, हरनादह गांव निवासी लालटु यादव का 8 वर्षीय पुत्र निलेश यादव धसनिया स्थित अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह जामताड़ा के दक्षिण बहाल स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक ने उसे धसनिया मोड़ के पास सड़क किनारे उतार दिया। सड़क पार करने के दौरान चित्रा कोलियरी से कोयला लेकर जामताड़ा साइडिंग की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर (संख्या JH-08B-9888) ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है। वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि डंपर चालक और मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल वाहनों और ऑटो चालकों की कार्यप्रणाली की भी जांच हो, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
