निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर पंचायत क सहरबडा गांव में मंगलवार सुबह वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सहरबेडा निवासी प्रदीप पावरिया के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह अचानक मौसम खराब होने के साथ तेज गर्जना और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान प्रदीप पावरिया अपने घर में मौजूद थे। अचानक हुए तेज वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। उनके साथ मौजूद बहामुनि हसदा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वज्रपात का असर इतना तीव्र था कि आसपास मौजूद करीब 12 से 13 ग्रामीण भी इसकी चपेट में आ गए। इनमें सरस्वती मरांडी समेत कई लोग झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के बेहतर और त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस हादसे के बाद पूरे सहरबेडा गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को तत्काल सरकारी आपदा राहत मुआवजा तथा घायलों के समुचित इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
