निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । 20वीं सब जूनियर बालिका राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिले की 15 सदस्यीय सब जूनियर बालिका टीम गुरुवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन से रजरप्पा रामगढ़ के लिए रवाना हुई। जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन सिंह के नेतृत्व में टीम कोच सुभाष सोरेन और मैनेजर प्रियंका मुर्मू के साथ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से प्रतियोगिता स्थल के लिए निकली। खिलाड़ियों की विदाई के दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल रहा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 12 जुलाई 2026 तक रजरप्पा प्रोजेक्ट स्टेडियम नियर डी0 ए0 भी0 स्कूल रामगढ़ में होगा। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य खो-खो संघ द्वारा रामगढ़ जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को भारतीय खो-खो संघ के निर्देशानुसार पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन रामगढ़ का सहयोग प्राप्त है।
जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन सिंह ने बताया कि जिले की टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही है और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, ने कहा खो-खो एक भारतीय मैदानी खेल है। इस खेल में मैदान के दोनो ओर दो खम्भो के अतिरिक्त किसी अन्य साधन की जरूरत नहीं पड़ती। यह एक अनूठा स्वदेशी खेल है, जो युवाओं में ओज और स्वस्थ संघर्षशील जोश भरने वाला है। यह खेल पीछा करने वाले और प्रतिरक्षक, दोनों में अत्यधिक तंदुरुस्ती, कौशल, गति और ऊर्जा की माँग करता है। खो-खो किसी भी तरह की सतह पर खेला जा सकता है। जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ दुर्गा दास भंडारी, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता आदि लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जामताड़ा में खो-खो की प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलता रहा तो वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रौशन करेंगे। मौके पर खिलाड़ियों की विदाई के अवसर पर जिला खो-खो संघ के वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, सह-कोषाध्यक्ष आकाश साव, मंजुला मुर्मू, राजेश ठाकुर, संजीत सिंह, अनीश रंजन, राम मुर्मू, लक्ष्मण, जीत, सहित संघ के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *