निशिकांत मिस्त्र
जामताड़ा । मिहिजाम के मुख्य बाजार स्थित ची रे का रोड पर शुक्रवार सुबह झोपड़ीनुमा दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकानें जलकर राख हो गईं। आग में दुकानों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकी जा सकी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां लंबे अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री और लॉटरी-सट्टा का कारोबार खुलेआम संचालित होता है। लोगों का आरोप है कि इन गतिविधियों की वजह से आसपास के कई गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं। मेहनत की कमाई सट्टे और नशे में बर्बाद होने से कई घरों में आर्थिक संकट और पारिवारिक विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।
हालांकि, अवैध शराब और सट्टा कारोबार के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं और सामाजिक समस्याओं पर रोक लगाई जा सके।
