निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक महिला का सिर कटा शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना कासीटांड़ रेलवे हॉल्ट के समीप हुई, जहां शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कासीटांड़ रेलवे हॉल्ट के पास पोल संख्या 261/4 के समीप बुधवार शाम करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल करमाटांड़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर आलम अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा। मृतका की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कालाझरिया पंचायत अंतर्गत हीरापुर गांव निवासी जियाकी हेंब्रम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार दोपहर से घर से लापता थीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। शाम को रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे।


मृतका के ससुर बाबूजन टुडू ने बताया कि जियाकी हेंब्रम की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। हालांकि, परिजनों ने किसी प्रकार की आशंका या आरोप व्यक्त नहीं किया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही खुलासा करेंगी। फिलहाल करमाटांड़ थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *