निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : जिले में अवैध शराब और गांजा के बाद अब खतरनाक मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की भी एंट्री हो गई है। जिले में पहली बार ब्राउन शुगर तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई को जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जामताड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जामताड़ा शहरी क्षेत्र के कायस्थ पाड़ा मोहल्ला निवासी चंदन मंडल के रूप में हुई है, जो पेशे से टोटो चालक बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर बरामद की है। हालांकि बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत की आधिकारिक जानकारी पुलिस द्वारा अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप जिले में कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने जामताड़ा में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अब तक जिले में मुख्य रूप से अवैध शराब और गांजा की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन ब्राउन शुगर की बरामदगी ने संकेत दिया है कि मादक पदार्थों का नेटवर्क जिले तक पहुंच चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *