निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में भव्य रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत जिला पार्टी कार्यालय से हुई, जिसमें पार्टी के केंद्रीय सदस्य अशोक मंडल, उपाध्यक्ष रविन्द्रनाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सगीर खान, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं समर्थक शामिल हुए।
रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान स्थित सिद्ध-कान्हू की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गांधी मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हूल आंदोलन की गौरवगाथा और आदिवासी संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि वीर शहीद सिद्ध-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित अन्य महानायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी। उनके बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष हूल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार इस वर्ष भी जिले में रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
वहीं, प्रोफेसर कैलाश प्रसाद ने कहा कि झामुमो की ओर से हूल दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया और वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
