निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नारायणपुर थाना क्षेत्र के थाना मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में बुटबेड़िया गांव निवासी अरसद अंसारी और इरशाद अंसारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना मोड़ के पास लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और यह इस स्थान पर तीसरी बड़ी घटना है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण लोगों की जान जा रही है। पुलिस ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग दुर्घटनास्थल पर स्थायी सुरक्षा उपाय, गति नियंत्रण और आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *