निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने शनिवार को संयुक्त जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। कोर्ट रोड स्थित विधायक आवास के समीप जांच के दौरान दो बालू लदे ट्रैक्टर और गिट्टी से भरे एक हाईवा को आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। जामताड़ा थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर खनिज लदे वाहनों की जांच की। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो और माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने किया। जांच के दौरान वाहनों को रोककर उनके परिवहन से संबंधित चालान, ई-वे बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में दो ट्रैक्टरों में बालू तथा एक हाईवा में गिट्टी लदी मिली। वाहन चालकों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर तीनों वाहनों को जब्त कर लिया गया और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध अनुमति या आवश्यक दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी संयुक्त जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खनिज परिवहन से जुड़े सभी वाहन संचालकों और कारोबारियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें तथा वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करें। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *