निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों के तहत जामताड़ा पुलिस द्वारा विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित की गई। मॉक ड्रिल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सार्जेंट मेजर, सार्जेंट तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस बल को विभिन्न प्रकार की आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्वरित कार्रवाई की रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों एवं सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन भी किया। अधिकारियों ने जवानों को संवेदनशील परिस्थितियों में संयम, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित कर पुलिस बल की तैयारियों का आकलन किया जाता है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की कार्यकुशलता को और मजबूत करने के साथ-साथ आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *