निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नगर पंचायत जामताड़ा अंतर्गत स्थित पुराना नगर भवन, जो पिछले करीब पांच वर्षों से विवाद के कारण बंद पड़ा था, आखिरकार अब फिर से उपयोग के लिए खोल दिया गया है। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने भवन का ताला खुलवाकर उसका कब्जा जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को सौंप दिया। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी की निगरानी में प्रशासनिक टीम ने नगर भवन को खोलने की कार्रवाई की। इस दौरान अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। उनकी उपस्थिति में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, टाउन थाना पुलिस तथा विद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में भवन का ताला खोला गया।


भवन का कब्जा मिलने के बाद विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने इसे विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नगर भवन का उपयोग अब शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उनकी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलेगा।
करीब पांच वर्षों तक बंद रहने के बाद नगर भवन के पुनः उपयोग में आने से छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह कदम क्षेत्र में शिक्षा के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रशासन की इस पहल को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास के लिए एक सकारात्मक और दूरगामी कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *