निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुलाडीह गांव के रहने वाले तीन युवक महिला को बहला-फुसलाकर काशीडीह स्थित पलास जंगल के समीप ले गए। आरोप है कि वहां तीनों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया।
बताया जाता है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर आरोपियों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना जामताड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले आई।
पीड़िता के बयान के आधार पर जामताड़ा थाना में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में जामताड़ा थाना कांड संख्या 77/2026 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलाडीह गांव निवासी नरेश महतो, निवास महतो और बिलु महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, जिसका कथित रूप से आरोपियों ने फायदा उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
जामताड़ा पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है।
