निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । सदर थाना क्षेत्र के सतसाल के समीप साहिबगंज बाईपास मोड़ पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कंटेनर वाहन ने पीछे से एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चालक वाहन से नीचे गिर गया और कंटेनर के चक्के के नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक का सिर कंटेनर के पहिए के नीचे कुचल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान उमेश महतो के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे के कारण साहिबगंज बाईपास मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की क्यूआरटी टीम तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार कंटेनर चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *