निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नगर पंचायत क्षेत्र के दुलाडीह स्थित नए नगर भवन परिसर जाने वाले मार्ग को शु शोभित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, इस मार्ग पर स्थापित की जा रही सोलर लाइटों को बुधवार रात असामाजिक तत्वों द्वारा पोल समेत उखाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर पंचायत प्रशासन में नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, नगर भवन तक आने-जाने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे लगभग 10 से 15 सोलर लाइटें लगाई जा रही थीं। आरोप है कि देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन सोलर लाइटों को पोल समेत उखाड़ दिया। साथ ही संबंधित ठेकेदार को भी काम नहीं करने देने की धमकी दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के नेतृत्व में कराए जा रहे विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि नगर भवन मार्ग पर लगाई जा रही करीब 10 से 15 सोलर लाइटों को क्षतिग्रस्त किया गया है और ठेकेदार को भी धमकाया गया है। मामले में जल्द ही जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
वहीं, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा सोलर लाइटों को नुकसान पहुंचाया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना विकास कार्यों में बाधा डालने के समान है और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन अब मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *