निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत द्वारा गांधी मैदान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी खोमा खंडेल, अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता, 16 वार्ड पार्षद सहित नगर के प्रबुद्धजनों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर गांधी मैदान से मां चंचला मंदिर तक एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण बचाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया। नगर पंचायत की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी खोमा खंडेल ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में लगभग 2000 पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने की भी अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।
