निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू किए जाने के मद्देनजर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पार्टी सचिव परेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसे लेकर पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की रणनीति विपक्षी दलों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की हो सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि झामुमो ने जिला से लेकर गांव स्तर तक अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देंगे तथा आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को पूरा करने में उनकी मदद करेंगे, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे।
वहीं पार्टी सचिव परेश यादव ने बताया कि जिले के सभी बूथ एजेंटों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुनरीक्षण के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और प्रक्रियाओं की जानकारी भी उन्हें दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे मतदाताओं को हर संभव सहयोग प्रदान करें।
परेश यादव ने कहा कि पार्टी यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और साथ ही ऐसे लोगों का नाम भी मतदाता सूची में शामिल न हो जो संबंधित क्षेत्र के निवासी नहीं हैं।
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने, बूथ स्तर पर निगरानी रखने तथा आम मतदाताओं को जागरूक करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। झामुमो नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में बना रहना जरूरी है और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
