निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और उनके प्रतिनिधि तरुण गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नगरवासियों से किए गए वादों में से एक भी प्रमुख वादा अब तक धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
प्रेस वार्ता में वीरेंद्र मंडल ने नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधि को खुली चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव पूर्व जनता से किए गए वादों में से किसी एक वादे को भी 15 दिनों के भीतर पूरा करके दिखाएं। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नगर पंचायत बोर्ड विकास कार्यों को गति देने में विफल साबित हो रहा है। नगर क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन अब तक उनका असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। पूर्व अध्यक्ष ने वर्तमान नेतृत्व को “विकास विरोधी” बताते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लंबित हैं, जबकि नई योजनाओं को लेकर भी कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद के साथ नया नेतृत्व चुना था, लेकिन अब लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।


वीरेंद्र मंडल ने कहा कि नगरवासियों के हितों की रक्षा के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। यदि निर्धारित समय के भीतर जनता से किए गए वादों पर अमल नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और जनता के समक्ष जवाबदेह बनने की मांग की। प्रेस वार्ता के बाद नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्तमान नगर पंचायत बोर्ड इन आरोपों और चुनौतियों पर क्या प्रतिक्रिया देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *