निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नगर पंचायत जामताड़ा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में नगर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता ने कहा कि अब प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में प्रेस वार्ता आयोजित कर नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नवगठित बोर्ड के गठन के बाद पिछले तीन माह में नगर क्षेत्र के विकास और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। नगर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया है। वर्षों से जाम पड़ी और साफ नहीं हुई कई नालियों की सफाई कराई गई, जिससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार हुआ है। तरुण गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बस स्टैंड का ओपन बंदोबस्ती कराया गया है, जिससे नगर पंचायत को अधिकतम राजस्व प्राप्त हो रहा है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने का कार्य भी किया गया है, जिससे रात के समय लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले बोर्ड की दो बैठकों में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें गांधी मैदान और चिल्ड्रेन पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना प्रमुख है। साथ ही नगर की सड़कों को बेहतर बनाने और उन पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि नगर पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है। अब किसी एक व्यक्ति के कहने पर कार्य होने की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया और सिस्टम के माध्यम से किए जा रहे हैं, ताकि नगर के प्रत्येक नागरिक को समान रूप से लाभ मिल सके। प्रेस वार्ता में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि आने वाले समय में कई नई योजनाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा। वहीं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने भी प्रेस वार्ता का आयोजन किया जहाँ उन्होंने नगर पंचायत के अध्यक्ष आशा गुप्ता व उनके प्रतिनिधि को चैलेंज किया कि जो वादा चुनाव पूर्व यहाँ की नागरीकों से किया उसमें से एक भी वादा को पूरा करके 15 दिनों के अंदर करके दिखाइये नही तो अध्यक्ष के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
