निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । महिला थाना में संरक्षण में रखी गई एक महिला अचानक गायब पाई गई। महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और शहर के विभिन्न इलाकों समेत रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायगढ़ की रहने वाली उषा यादव नामक महिला कुछ दिन पहले भटकते हुए करमाटांड़ इलाके में पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों ने महिला की स्थिति संदिग्ध देख इसकी सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद जामताड़ा महिला थाना की टीम महिला को अपने साथ थाना लेकर आई थी। पुलिस ने महिला को सुरक्षित संरक्षण में रखते हुए उससे पूछताछ की और उसके परिजनों का संपर्क नंबर हासिल किया। परिजनों को फोन कर महिला के बारे में जानकारी भी दे दी गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस उसके परिवार के जामताड़ा पहुंचने का इंतजार कर रही थी।इसी दौरान शुक्रवार सुबह जब महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी पर पहुंचीं, तो महिला थाना परिसर में मौजूद नहीं मिली। पहले थाना परिसर और आसपास के हिस्सों में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले की सूचना तत्काल महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई।महिला की तलाश के लिए जामताड़ा थाना क्षेत्र के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और आसपास के स्टेशनों को भी सतर्क कर दिया गया। पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। जामताड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और एएसआई राकेश कुमार रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा शहर के कई इलाकों में महिला की तलाश करते दिखाई दिए।वहीं महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ वाहन से आसनसोल की दिशा में रवाना हुईं। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के संबंध में जानकारी ली थी, जिसके आधार पर पुलिस उस दिशा में भी जांच कर रही है।समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए लगातार खोज अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *