निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। फतेहपुर बाजार स्थित बर्मा ज्वेलर्स के संचालक से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकानदार शुक्रवार रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर बस स्टैंड स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान में जुट गई है। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
