निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बलों के द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय जामताड़ा आदि मौजूद रहे। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च जिला नियंत्रण कक्ष से प्रारंभ होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, जामताड़ा बाजार होते हुए इंदिरा चौक, बस स्टैंड होते हुए यज्ञ मैदान, जामताड़ा में समाप्त हुआ।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने सभी जिलेवासियों को रामनवमी की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन जामताड़ा रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है। माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक पुलिस एवं प्रशासन के द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई है। इसी के आलोक में आज जिले में फ्लैग मार्च निकाला गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरे सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है, अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील कर कहा कि जिलेवासी रामनवमी पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वहीं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया जिसका उद्देश्य है कि शांतिपूर्ण ढंग से लोग रामनवमी को मनाएं। उन्होंने जिलेवासियों से कहा कि प्रशासन आपके साथ है, भयमुक्त वातावरण में त्यौहार मनाएं साथ ही उन्होंने सभी को पर्व के अवसर पर अग्रिम बधाई भी दी।
