निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । मिहिजाम थाना क्षेत्र के हटिया हांडीपाड़ा स्थित रिहायशी मोहल्ले में रविवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि इसकी ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जबकि काला धुआं लगभग पांच किलोमीटर तक आसमान में फैलता नजर आया। मिली जानकारी के अनुसार, अमित साव नामक व्यक्ति के घर के बाहर खाली पड़े स्थान में आग लगी। उक्त स्थान पर फल रखने वाले प्लास्टिक के हजारों छोटे-छोटे खाली कंटेनर रखे हुए थे, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में वहां खड़ी एक चार पहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं एक स्कूटी भी आग की लपटों से प्रभावित हुई, जिसे स्थानीय युवकों की तत्परता से आंशिक रूप से बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटी रही। स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंचा। हालांकि इस आगजनी की घटना में किसी के हताहत होने या जानमाल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *