जोरापोखर। बरारी छाताधौड़ा के समीप बुधवार को एटी देवप्रभा आउटसोर्सिंग की 73 नंबर होलपैक गाड़ी ओबी डंप करने के लिए जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आउटसोर्सिंग कर्मियों ने घायल चालक को इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। कर्मियों के अनुसार चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कर्मियों ने बताया कि ओबी ले जाने के क्रम में अचानक ब्रेक फेल हो गया। हाइवा पीछे की ओर ढलकने लगी और पिछले चक्के में पत्थर फंसने से गाड़ी पलट गई। हादसे में होलपैक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एटी देवप्रभा प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डोजर की मदद से पलटी होलपैक को हटवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि होलपैक चालक अधिक ओबी डंप करने की आपाधापी में रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि भारी वाहनों के कारण उन्हें सड़क पार करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है और कोई दूसरा वैकल्पिक रास्ता भी नहीं है। वहीं जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी अभी नहीं मिली है। जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *