झरिया । मंगलवार को झरिया पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर झरिया के एक सरकारी आवास में चल रहे अवैध नकली अंग्रेजी शराब के मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है । गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने झरिया थाना क्षेत्र के बकरीहाट फल मंडी के समीप सरकारी आवास में छापेमारी की थी । इस दौरान काफी मात्रा में शराब की खेप, शराब बरामद हुई । सूचना के अनुसार विभिन्न ब्रांडों के लगभग 550 बोतल नकली अंग्रेजी शराब, कॉर्क, स्टिकर, 50 लीटर स्प्रिट और गैलन समेत कई अन्य सामान बरामद हुए है । पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है । जानकारी के अनुसार यहां तैयार की गई नकली शराब को कंपनी के बोतलों में भरकर धनबाद समेत बिहार में खपाया जा रहा था । जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान रॉयल चैलेंज, मैकडॉवेल नंबर-1, आइकॉनिक और सिग्नेचर जैसे ब्रांडों के कुल 550 बोतल लेबल मिले । इसके अलावा रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, आइकॉनिक, रॉयल चैलेंज और सिग्नेचर ब्रांडों के कॉर्क भी बरामद किये गये । अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम को विभिन्न नामी ब्रांडों के नाम पर शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली है । नाम न बताने की शर्त पर स्थानीय लोगों ने बताया कि नकली शराब को ब्रांडेड शराब की बोतल में भरकर बेचा जाता था । संबंधित ठिकाने पर लंबे समय से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने का काम किया जा रहा था ।
