अभिषेक मिश्रा
चासनाला । सुदामडीह थाना बस्ती के ग्रामीण महिला-पुरुषों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बीसीकेयू के जॉइंट सेक्रेटरी गौतम कुमार रवानी के नेतृत्व में सुदामडीह 5 नंबर रेलवे साइडिंग की ट्रांसपोर्टिंग ठप कर आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण साइडिंग में कुछ समय के लिए परिवहन कार्य प्रभावित रहा।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी कि थाना बस्ती के विस्थापितों को छह माह के अंदर विस्थापित करने का प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया था, लेकिन करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी विस्थापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जल्द विस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
इसके अलावा पाथरडीह से बिरसा पुल जाने वाले रास्ते को बंद किए जाने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोटरसाइकिल समेत अन्य छोटे वाहन गांव के रास्ते से आवागमन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की मांग भी रखी।
आंदोलन की सूचना मिलने पर ईजे एरिया भौंरा के एजीएम एलएल वर्णवाल वार्ता के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और दो मांगों को तत्काल पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रबंधन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और साइडिंग में ट्रांसपोर्टिंग कार्य पुनः शुरू हुआ।
