निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेवा धनबाद झरनापाड़ा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन संख्या डब्लू बी 01 बी सी 1358 अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया, जिससे खंभा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में पास स्थित एक नवनिर्मित दुकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान की सामने की दीवार ढह गई, जबकि अन्य दीवारों में भी गहरी दरारें पड़ गईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिजली का खंभा गिरने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस घटना में किसी जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की है कि अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल की जाए और क्षतिग्रस्त दुकान की मरम्मत शीघ्र कराई जाए, ताकि पीड़ित दुकानदार को राहत मिल सके।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी हुई।
